
कांगड़ा जिले के धीरा और पालमपुर क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बनने की इच्छुक महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। बाल विकास परियोजना (सीडीपी) सुलह के तहत 87 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र महिला उम्मीदवारों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
सीडीपीओ कंचन राणा ने बताया कि उपमंडल धीरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 11 और सहायिकाओं के 28 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए आवेदन 18 अगस्त 2026 तक जमा किए जा सकते हैं, जबकि साक्षात्कार 21 अगस्त को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय धीरा में होंगे।
वहीं, उपमंडल पालमपुर में कार्यकर्ताओं के 16 और सहायिकाओं के 32 पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। साक्षात्कार 22 अगस्त को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय पालमपुर में आयोजित किए जाएंगे।
इन पदों के लिए अभ्यर्थी का 10+2 उत्तीर्ण, आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और उम्मीदवार संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सादे कागज पर आवेदन निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं।