
कांगड़ा जिले के फतेहपुर क्षेत्र में शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर खुखनियाड़ा के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, दोनों बाइकों पर दो-दो लोग सवार थे। दुर्घटना में 20 वर्षीय अभिषेक, पुत्र रवि कुमार, निवासी झिकली मोच्छ, की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में दूसरी बाइक चला रहे 24 वर्षीय गुरमीत सिंह, पुत्र दर्शन सिंह, निवासी भडवार (नूरपुर), गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया, जहां से परिजन उन्हें इलाज के लिए पठानकोट के एक निजी अस्पताल ले गए।
वहीं, हादसे में घायल अन्य दो लोगों का उपचार नागरिक अस्पताल फतेहपुर में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीएसपी जवाली बीरी सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।