
नगर परिषद मैदान के समीप कॉलेज रोड स्थित सेल्फी प्वाइंट पर शुक्रवार देर रात अज्ञात शरारती तत्वों ने स्थापित गद्दी समुदाय की फाइबर प्रतिमा को उखाड़कर चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि, आसपास के लोगों के बाहर निकलते ही आरोपी प्रतिमा को वहीं छोड़कर बाइक पर फरार हो गए। इससे पहले भी इसी स्थान से भेड़ों की फाइबर प्रतिमाएं गायब होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।स्थानीय निवासी सुनीता कुमारी ने बताया कि रात करीब एक बजे तेज आवाज सुनकर जब वह बाहर निकलीं तो कुछ लोग फाइबर प्रतिमा को उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। लोगों की आहट मिलते ही आरोपी प्रतिमा को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।वहीं, स्थानीय निवासी रविंद्र, अभिनव, पंकज और संजीव ने बताया कि पिछले सप्ताह भी कॉलेज रोड पर घरों के बाहर खड़ी कारों की पेट्रोल पाइप काटकर तेल चोरी किया गया था। उनका कहना है कि नगर परिषद मैदान और कॉलेज रोड क्षेत्र में देर रात नशेड़ियों और हुड़दंगियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।क्षेत्रवासियों ने यह भी बताया कि सेल्फी प्वाइंट के सामने लगा सीसीटीवी कैमरा लंबे समय से खराब पड़ा है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय पार्षद अशोक शर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही क्षेत्र में नया सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा तथा दोषियों की पहचान कर कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात के समय नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।