
देहरादून: उत्तराखंड के केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में शनिवार सुबह से घना कोहरा और लगातार बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम के कारण दोनों धामों और आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। इसके बावजूद चारधाम यात्रा सुचारु रूप से जारी है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
केदारनाथ धाम में यात्रा प्रशासन की निगरानी में व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। अब तक 14,14,590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। लगातार बारिश और कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था बनी हुई है।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि पिछले दो दिनों में भारी बारिश के अलर्ट के चलते एहतियातन यात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया था और तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा फिर शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को लेकर भी पूरी तरह तैयार है और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
वहीं, बदरीनाथ धाम में भी सुबह से कोहरा छाया रहा और हल्की बारिश होती रही। मौसम खराब होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन दर्शन व्यवस्था सामान्य बनी हुई है और श्रद्धालु सुगमता से बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं।
इस बीच, रुद्रप्रयाग में बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा को अधिक सुगम बनाने के लिए बन रहा मोटर ब्रिज और टनल प्रोजेक्ट अंतिम चरण में पहुंच गया है। नेशनल हाईवे विभाग द्वारा लगभग 900.30 मीटर और 200 मीटर लंबे मोटर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने 156 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
विभाग के अनुसार, ब्रिज और टनल परियोजना का लगभग 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही पुल की लोड टेस्टिंग की जाएगी। सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो अगस्त में इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि टनल का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि पुल का काम अंतिम चरण में है। अगस्त के अंत तक ट्रायल टेस्टिंग शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना के शुरू होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग शहर में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी और तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।