
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पीलिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को छह नए मरीज भर्ती किए गए, जिनमें पांच बच्चे और एक वयस्क शामिल हैं। वहीं उपचार के बाद छह मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। नए मामलों के बाद अस्पताल में अब कुल 20 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश ने बताया कि शनिवार को आए सभी नए मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग लगातार मरीजों की निगरानी कर रहा है।
पीलिया के बढ़ते मामलों के बीच चंडीगढ़ स्थित एनएबीएल मान्यता प्राप्त ईको पर्यावरण लेबोरेट्रीज एंड कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की विशेषज्ञ टीम कुल्लू के विभिन्न जल स्रोतों और नालों से पानी के नमूने लेकर लौट गई है। टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से चार से अधिक सैंपल एकत्र किए हैं। इनकी जांच चंडीगढ़ की प्रयोगशाला में की जाएगी, जबकि कुछ नमूने विस्तृत परीक्षण के लिए पुणे भी भेजे जाएंगे।
उधर, जलशक्ति विभाग ने भी एहतियात के तौर पर नगर परिषद के 11 वार्डों और विभिन्न पेयजल टैंकों से 20 पानी के सैंपल एकत्र किए हैं। विभाग इससे पहले भी लगातार दो दिनों तक सैंपलिंग कर चुका है।
जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर ने बताया कि पेयजल गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।