कांवड़ मेला 2026 को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरिद्वार पहुंचने वाले लाखों शिवभक्तों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली और हरिद्वार के बीच मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
इसके साथ ही कई नियमित ट्रेनों का विस्तार हरिद्वार तक किया गया है, जिससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। रेलवे के अनुसार दिल्ली-शामली-दिल्ली ईएमयू ट्रेन को हरिद्वार तक विस्तारित किया गया है। यह विशेष सेवा 30 जुलाई से 13 अगस्त तक दिल्ली से और 31 जुलाई से 14 अगस्त तक हरिद्वार से प्रतिदिन संचालित होगी।
इसके अतिरिक्त दिल्ली, शामली, रुड़की और हरिद्वार के बीच चलने वाली कई नियमित ट्रेनों का संचालन भी हरिद्वार तक किया गया है। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रक्सौल, गोरखपुर और अंबाला से आने वाली कुछ ट्रेनों के मार्ग का भी विस्तार हरिद्वार तक करने का निर्णय लिया है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन सेवाओं से श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। बड़ी संख्या में देशभर से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं और गंगाजल लेकर अपने क्षेत्रों की ओर लौटते हैं।