
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसायटी के पास बारिश के पानी से भरे करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक केंद्रीय विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य सीवान यादव का बेटा था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
शनिवार शाम करीब 7 बजे बच्चा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह बोरिंग कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया, जो बारिश के पानी से पूरी तरह भरा हुआ था। पैर फिसलने से वह पानी में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने काफी प्रयास के बाद बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढा कई दिन पहले प्राधिकरण द्वारा खोदा गया था, लेकिन उसके चारों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। लोगों का आरोप है कि यदि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था।
मासूम के पिता ने नॉलेज पार्क थाने में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार का कहना है कि यह मौत सीधे-सीधे लापरवाही का परिणाम है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस घटना ने पहले हुए युवराज मेहता हादसे की भी याद दिला दी, जिसमें खुले गड्ढे में गिरने से एक बच्चे की जान चली गई थी। उस समय सुरक्षा के बड़े दावे किए गए थे, लेकिन कलाधाम में हुआ यह हादसा उन दावों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है। लोगों ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन, सभी खुले गड्ढों की तत्काल बैरिकेडिंग और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।