
सामाजिक सुरक्षा पेंशन का इंतजार कर रहे हजारों पात्र लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। चंडीगढ़ प्रशासन ने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के तहत मई 2026 तक लंबित सभी पात्र राशि का भुगतान कर दिया है। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने सांसद मनीष तिवारी को भेजे गए आधिकारिक पत्र के माध्यम से दी है। इससे लंबे समय से लंबित पेंशन भुगतान को लेकर चल रही शिकायतों पर फिलहाल विराम लग गया है।
दरअसल, सांसद मनीष तिवारी ने 12 फरवरी 2026 को लोकसभा के शून्यकाल के दौरान चंडीगढ़ में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा था कि बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थी कई महीनों से पेंशन की राशि मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले में तत्काल राशि जारी कर पात्र लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण कर लंबित भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की थी।
सांसद द्वारा उठाए गए इस मुद्दे के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने चंडीगढ़ प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। प्रशासन की ओर से मंत्रालय को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लंबित सभी मामलों का निस्तारण करते हुए मई 2026 तक की बकाया राशि पात्र लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग व्यक्तियों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित सभी श्रेणियों के लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है। प्रशासन ने दावा किया है कि फिलहाल मई 2026 तक का कोई भी बकाया भुगतान शेष नहीं है और सभी पात्र लोगों को निर्धारित राशि उपलब्ध करा दी गई है।