
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डलहौजी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना डलहौजी की एसआईयू टीम ने गंडियार नाला के पास कार्रवाई करते हुए 14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय गुरप्रीत सिंह, निवासी कोट मुगल, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर और 34 वर्षीय हरदेव सिंह, निवासी वार्ड नंबर-7, फतेहगढ़ चूड़ियां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि एसआईयू टीम शनिवार शाम नियमित गश्त पर थी। शाम करीब 6:35 बजे गंडियार नाला के पास संदेह होने पर दोनों युवकों के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।