
ऊना जिले के दौलतपुर चौक में शनिवार को NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर गगरेट ब्लॉक कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विधायक राकेश कालिया के नेतृत्व में निकाली गई आक्रोश रैली में कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
दौलतपुर चौक बस स्टैंड से शुरू हुई रैली पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विधायक राकेश कालिया ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं ने लाखों मेहनती और मेधावी विद्यार्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस बल का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष देसराज गौतम ने कहा कि युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरिंद्र सिंह कंवर, एससी सेल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बबली, कांग्रेस महासचिव वेद पराशर, ब्लॉक समिति अध्यक्ष वृजेश डोगरा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक शर्मा और पूर्व बीडीसी सदस्य अनिल डडवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।