
धर्मशाला। कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न का सामना करने वाली महिलाओं के लिए अब शिकायत दर्ज कराना पहले से अधिक आसान हो गया है। महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला में SHE-Box Portal 2.0 की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस पोर्टल के माध्यम से सरकारी और निजी संस्थानों में कार्यरत महिलाएं अब घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगी।
वन स्टॉप सेंटर की इंचार्ज दीक्षा ने बताया कि यदि किसी महिला के साथ कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार का यौन उत्पीड़न होता है, तो वह सीधे SHE-Box Portal 2.0 पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकती है। शिकायत संबंधित विभाग की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) या स्थानीय समिति को भेजी जाएगी, जहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि पीड़िता बिना किसी डर या दबाव के अपनी बात रख सके।
वन स्टॉप सेंटर की ओर से महिलाओं को पोर्टल की जानकारी देकर इसके उपयोग के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। इस सुविधा का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराना, शिकायत प्रक्रिया को सरल बनाना और मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में अभी तक SHE-Box Portal 2.0 के माध्यम से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब किसी भी स्थान से ऑनलाइन अपनी शिकायत दर्ज कर सकती हैं, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने महिलाओं से अपील की कि यदि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार का यौन उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार होता है तो बिना संकोच इस पोर्टल का उपयोग करें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।