
पंजाब में आज कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) केंद्र सरकार के खिलाफ अलग-अलग विरोध प्रदर्शन करेंगी। दोनों दल NEET और CBSE परीक्षा से जुड़े विवादों, छात्रों के भविष्य और कथित छात्र विरोधी नीतियों को लेकर भाजपा सरकार को घेरेंगे।
पंजाब कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में राज्यव्यापी सत्याग्रह का आह्वान किया है। पार्टी के कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण सत्याग्रह करेंगे और शाम को कैंडल मार्च निकालेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह विफल हो चुकी है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की है।
वहीं, आम आदमी पार्टी भी आज पूरे पंजाब में केंद्र सरकार के खिलाफ 'थाली बजाओ, तानाशाह भगाओ' अभियान चलाएगी। पार्टी कार्यकर्ता सभी जिलों में सड़कों पर उतरकर थाली बजाते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगे। AAP का कहना है कि यह आंदोलन छात्रों के समर्थन और परीक्षा घोटालों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है।
दोनों राजनीतिक दलों का आरोप है कि केंद्र सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर नहीं है और परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों के कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर आज पूरे पंजाब में विरोध प्रदर्शन तेज रहने की संभावना है।