
कुल्लू। पेपर लीक मामलों और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जिला कांग्रेस शनिवार को सड़क पर उतर आई। जिलाध्यक्ष सेस राम आजाद की अध्यक्षता में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
रैली पार्टी कार्यालय से शुरू होकर ढालपुर चौक, लाल चंद्र प्रार्थी कलाकेंद्र और क्षेत्रीय अस्पताल गेट से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
धरना-प्रदर्शन में मनाली के विधायक भुवनेश्वर सिंह गौड़ भी शामिल हुए। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
जिलाध्यक्ष सेस राम आजाद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में अब तक 90 से अधिक बार विभिन्न परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों में सरकार से जुड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप सामने आने के कारण युवाओं का भरोसा लगातार टूट रहा है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज तथा कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ हुए कथित अभद्र व्यवहार की भी आलोचना की।
प्रदर्शन में पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेम लता ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, किशन ठाकुर, संजीव धर, संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।