
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर के होल्टा क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। शातिरों ने मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजकर उनके बैंक खाते से करीब 10 लाख रुपये उड़ा लिए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने पालमपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, होल्टा निवासी पीड़ित के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदिग्ध लिंक भेजा गया था। साइबर ठगी से अनजान पीड़ित ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल फोन हैंग होकर बंद हो गया। कुछ समय बाद फोन चालू होने पर बैंक खाते से करीब 10 लाख रुपये कटने का संदेश मिला।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने किसी हैकिंग तकनीक या मैलवेयर के जरिए पीड़ित के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी चुरा ली। इसके बाद खाते से रकम अलग-अलग माध्यमों से ट्रांसफर कर दी गई।
पुलिस अब उन बैंक खातों और डिजिटल प्लेटफॉर्म की जांच कर रही है, जिनमें यह राशि भेजी गई।
डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी अज्ञात नंबर से संदिग्ध संदेश या लिंक प्राप्त हो तो उसे तुरंत डिलीट करें और किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।