
कांगड़ा जिले के बैजनाथ और जयसिंहपुर में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र सरकार और परीक्षा संचालन एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी की तथा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
बैजनाथ में स्थानीय विधायक किशोरी लाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से एसडीएम कार्यालय तक विशाल रैली निकाली। इस दौरान विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस नेता रविंद्र बिट्टू ने भी छात्रों के हक की लड़ाई जारी रखने की बात कही।
वहीं, जयसिंहपुर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढ़वाल के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से बस स्टैंड होते हुए एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
जसवंत डढ़वाल ने कहा कि परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली से लाखों मेधावी छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पेपर लीक गिरोह, दलालों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।