
18 चालान लंबित मिलने के बाद विभाग ने नियम उल्लंघन पर तेज की कार्रवाई भारतेंदु संवाददाता, बरनाला
पंजाब में बिना स्टेट टैक्स और जरूरी परमिट के चल रही बाहरी राज्यों की टूरिस्ट बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। बरनाला में हुई ताजा कार्रवाई के दौरान ग्वालियर से श्री अमृतसर साहिब जा रही एक टूरिस्ट बस को नियमों का उल्लंघन करने पर पकड़ा गया। विभाग ने बस को इंपाउंड कर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना जमा करने के बाद ही बस को छोड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की टीम ने टूरिस्ट बस नंबर P75A1855 की जांच की। जांच में सामने आया कि बस ने पंजाब में प्रवेश करने से पहले अनिवार्य स्टेट टैक्स जमा नहीं कराया था। इसके बाद अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बस का चालान किया।
ए.आर.टी.ओ. जसनजोत सिद्धू ने बताया कि यह मामला केवल एक चालान तक सीमित नहीं है। रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले दो से तीन वर्षों में इसी बस के करीब 18 चालान किए जा चुके हैं। इनमें से केवल चार चालानों का ही भुगतान किया गया है, जबकि विभिन्न राज्यों में करीब 1.30 लाख रुपये के चालान अभी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वाहन मालिक लगातार नियमों की अनदेखी कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बिना परमिट और टैक्स के चलने वाली बसों का मुद्दा हाल ही में पंजाब विधानसभा में भी उठाया गया था।