
सफाई कर्मचारियों ने लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग की बरनाला घटना पर भड़के कर्मचारी, पुतला फूंक कर जताया विरोध भारतेंदु संवाददाता, गुरदासपुर
बरनाला में सफाई कर्मचारियों और अन्य प्रदर्शनकारी कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरदासपुर में सफाई कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पंजाब सरकार का पुतला फूंक कर अपना विरोध जताया और पिट सियापा कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि बरनाला में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में कई कर्मचारी घायल हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घायल कर्मचारियों में महिला कर्मचारी भी शामिल हैं और एक गर्भवती महिला के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। कर्मचारियों ने इस मामले की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
यूनियन नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक कर्मचारी को अपनी मांगें शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से करना चाहिए, न कि बल प्रयोग के जरिए।
प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार से मांग की कि बरनाला लाठीचार्ज मामले की न्यायिक जांच करवाई जाए। इसके साथ ही घायल कर्मचारियों को उचित मुआवजा दिया जाए और कर्मचारियों की लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाए।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की आवाज को गंभीरता से लेना चाहिए और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके कारण उनमें रोष बढ़ रहा है। प्रदर्शन के अंत में यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।