
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां में आयोजित बाल मेले के तीसरे दिन पहली सांस्कृतिक संध्या रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर रही। प्रदेश के प्रसिद्ध और उभरते कलाकारों ने लोकगीतों से लेकर बॉलीवुड गीतों तक शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में हजारों लोग कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत गायक कुमार साहिल ने "तू मुझे कबूल" और "आयां वो ललारिया, जायां वो ललारिया" जैसे गीतों से की, जिसने माहौल को संगीतमय बना दिया।
लोक गायक धीरज शर्मा ने "भला सिपाहिया डोगरिया", "ठंडी-ठंडी हवा झुलदी" और "सोचेंगे तुम्हें प्यार" जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
गायिका पूनम भारद्वाज ने "पूछो जरा पूछो मुझे क्या हुआ है" और "जोता पर बंगलु पूआना" गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
वहीं नवोदित गायिका रागनी ने "सजदा तेरा सजदा" और "मेरे मन ये बता तू" गीतों से अपनी गायकी का हुनर दिखाया। इसके अलावा विशाल तलौरिया, सोनम चौधरी और शान भंडारी ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक और नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही मिस एंड मिस्टर धौलाधार प्रतियोगिता के दो राउंड भी आयोजित किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
आयोजकों ने बताया कि 27 जुलाई को बाल मेले में पंजाबी गायक और बॉलीवुड कलाकार अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, पर्यटन निगम के उपाध्यक्ष आरएस बाली, प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी चेतन चौहान, चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन बबलू, धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर, कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।