
सतपाल महाराज ने सड़क मरम्मत और पुल निर्माण में तेजी के दिए निर्देश भारतेंदु संवाददाता, देहरादून।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को मसूरी के कोल्हाखेत स्थित पानी वाले बैंड और देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग पर निर्माणाधीन डबल लेन पुल का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित तथा सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।
मंत्री ने उस स्थान का भी जायजा लिया, जहां 20 जुलाई की रात भारी बारिश के कारण करीब 20 मीटर सड़क और पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों की मदद से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया था। साथ ही अतिरिक्त पहाड़ कटान और सुरक्षा उपायों पर भी तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे यातायात जल्द पूरी तरह सामान्य हो सके।
सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान भी किए जाएंगे।