
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय पनारसा में शनिवार को महिला प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 52 विद्यार्थियों सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कई अभिभावकों ने भी स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
शिविर में दंत शल्य चिकित्सक डॉ. ईशा ने प्रतिभागियों के दांतों की जांच की और उन्हें मौखिक स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने सही तरीके से ब्रश करने की विधि, सामान्य दंत रोगों से बचाव, संतुलित आहार अपनाने तथा नियमित दंत परीक्षण कराने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. ईशा ने कहा कि स्वस्थ दांत अच्छे स्वास्थ्य की आधारशिला हैं, इसलिए दांतों की नियमित देखभाल और समय-समय पर जांच करवाना बेहद जरूरी है।
शिविर के सफल संचालन में दंत तकनीशियन मनोज और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रियंका ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने डॉ. ईशा और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।