
जनपद रुद्रप्रयाग की रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कार्य क्षमता बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित परेड में पुलिस अधीक्षक ने मुख्य रूप से भाग लिया।
उन्होंने परेड की सलामी ली और जवानों द्वारा किए जा रहे अभ्यास का निरीक्षण किया। परेड की शुरुआत हल्की दौड़ से हुई, जिसके बाद ड्रिल, कदमताल और शस्त्राभ्यास कराया गया।
पुलिस अधीक्षक ने जवानों की शारीरिक तैयारी, अनुशासन और अभ्यास की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नियमित परेड पुलिस कर्मियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए भी आवश्यक है।
परेड के बाद उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। संबंधित कर्मचारियों को अभिलेखों के समय-समय पर अद्यतन रखने तथा परिसर में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।