
हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान जीरो जोन में एक कार घुसने के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। घटना के दौरान एक युवक की डंडों से पिटाई किए जाने का वीडियो भी सामने आया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बैरिकेडिंग तोड़े जाने की चर्चाएं तेज हो गईं।
हालांकि, हरिद्वार पुलिस ने इन दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि घटना के दौरान किसी भी बैरिकेडिंग को नहीं तोड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।