
चमोली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 6 अगस्त को चमोली जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आज अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आदेश जारी करते हुए कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। वहीं संबंधित विभागों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।