
कुल्लू। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोहलूनाला के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी और निजी बस की जोरदार टक्कर में दो युवाओं की मौत हो गई। हादसा रात करीब पौने दस बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार युवक और युवती मनाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डोहलूनाला के पास सामने से मनाली की तरफ आ रही एक निजी बस से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक स्कूटी चालक कशिश सिहली, निवासी तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी पर पीछे बैठे आदित्य पुत्र पवन कुमार, निवासी त्रिफालघाट, जिला मंडी, को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस बस चालक समेत हादसे से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। दुर्घटना के बाद चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।