
शिमला। चूड़धार यात्रा से लौटते समय जंगल में रास्ता भटके चार श्रद्धालुओं के लिए शिमला पुलिस की तत्परता जीवनरक्षक साबित हुई। 13 सितंबर की रात 112 कंट्रोल रूम शिमला के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि कुछ श्रद्धालु चूड़धार क्षेत्र के घने जंगल में रास्ता भटक गए हैं और अपनी सही लोकेशन नहीं बता पा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने बिना समय गंवाए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। रात के अंधेरे, घने जंगल और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस जवानों ने लगातार तलाश जारी रखी।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आधी रात को पताल खड्ड की ओर जंगल से मोहाली निवासी 22 वर्षीय राहुल और 21 वर्षीय साकेत को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
इसी दौरान दो अन्य श्रद्धालुओं के भी चूड़धार क्षेत्र में रास्ता भटकने की सूचना मिली। पुलिस ने अभियान जारी रखते हुए करनाल निवासी 26 वर्षीय राहुल और उनकी 24 वर्षीय पत्नी मधु को भी सुरक्षित खोज निकाला।
पुलिस टीम ने चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उनके ठहरने की व्यवस्था की। इसके बाद उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया।
रातभर चले इस रेस्क्यू अभियान में शिमला पुलिस के जवानों ने तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया।