
चंबा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रस्तावित होली प्रवास को लेकर चंबा जिले के सुटकर गांव में तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री गांव के निवासी शिक्षक रविंद्र कुमार के घर रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर परिवार और ग्रामीणों में खासा उत्साह है। परिवार उनके स्वागत के लिए चंबा की पारंपरिक खानपान संस्कृति से जुड़े विशेष व्यंजन तैयार करने में जुटा है।
पारंपरिक पहाड़ी पकवानों से सजेगी थाली
मुख्यमंत्री के रात्रिभोज में चिणे दे चावल, गुच्छी रा मदरा, कोदरे री रोटी, भुटुरु, देशी शहद और देशी घी परोसने की तैयारी है। इसके अलावा माह की बड़ियां, राजमाह और देशी लस्सी से तैयार कड़ी भी भोजन का हिस्सा होगी। परिवार का प्रयास है कि मुख्यमंत्री को स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से चंबा की समृद्ध खानपान विरासत से रूबरू करवाया जाए।
सुबह पहाड़ी नाश्ते से होगा स्वागत
मुख्यमंत्री के अगले दिन के नाश्ते के लिए चपाती, दही, मिक्स वेज और चटनी तैयार करने की योजना है। परिवार पारंपरिक पहाड़ी स्वाद के साथ मुख्यमंत्री की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है।
परिवार के लिए खास होगा मुख्यमंत्री का आगमन
शिक्षक रविंद्र कुमार की पत्नी सरोज शर्मा हैं। उनकी बेटी प्रियांशी शर्मा एकलव्य विद्यालय होली में पढ़ती हैं, जबकि बेटा विरांश शर्मा सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। परिवार ने मुख्यमंत्री की मेजबानी को अपने लिए विशेष अवसर बताया है।
चोला भेंट करने की भी तैयारी
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित प्रवास से सुटकर गांव को भी पहचान मिलने की उम्मीद है। शिक्षक रविंद्र कुमार मुख्यमंत्री को हिमाचल की पारंपरिक पोशाक चोला भेंट करने पर भी विचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम स्थानीय आतिथ्य सत्कार और चंबा की सांस्कृतिक परंपराओं को सामने लाने का अवसर बनेगा।