
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी निजी शर्मा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इसमें 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों और राहत दलों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में सात यात्रियों की मौत हुई है, जबकि 11 लोग घायल हैं। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
जगदेव पुत्र धर्म सिंह, गांव बाहला, देवीकोठी
हरदेई पत्नी जगदेव, गांव बाहला, देवीकोठी
देसराज पुत्र त्रिलोचन, गांव बाहला, देवीकोठी
रूप सिंह पुत्र राधाराम, गांव चिल्ली थल्ली — चालक
तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल, गांव सत्यास तरेला — कंडक्टर
निलमा पत्नी मोतीराम, निवासी चिल्ली, देवीकोठी
जगदेई पत्नी हरिलाल, गांव बाहला, देवीकोठी
फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।