
मंडी। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर टनल नंबर 12 में गुरुवार सुबह दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब पौने आठ बजे हुआ। पंजाब नंबर के ट्रक और हिमाचल नंबर के ट्रक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही औट पुलिस टीम और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नगवाईं स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नेरचौक और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। इनमें दो गंभीर घायलों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।