
चंबा। मणिमहेश यात्रा से पहले चंबा जिले के भरमौर में प्रशासन ने बाहरी वाहनों पर ग्रीन टैक्स लागू कर दिया है। पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र के विकास के उद्देश्य से लागू की गई इस व्यवस्था के तहत भरमौर में प्रवेश करने वाले अन्य राज्यों के वाहनों से उनकी श्रेणी के अनुसार शुल्क वसूला जाएगा।
ग्रीन टैक्स की वसूली के लिए भरमौर की सुंकू की टपरी में कर संग्रह केंद्र स्थापित किया गया है। प्रशासन के अनुसार यह व्यवस्था लगातार लागू रहेगी।
निर्धारित शुल्क के अनुसार दोपहिया वाहन से 50 रुपये, कार से 100 रुपये, एसयूवी और एमयूवी से 300 रुपये तथा बस से 500 रुपये ग्रीन टैक्स लिया जाएगा। यह शुल्क भरमौर में प्रवेश करने वाले अन्य राज्यों में पंजीकृत वाहनों पर लागू होगा।
वहीं, आरएलए भरमौर में पंजीकृत वाहनों, स्थानीय निवासियों के वाहनों और स्थानीय टैक्सी यूनियन की गाड़ियों को ग्रीन टैक्स से छूट दी गई है। इसके अलावा भरमौर से खड़ामुख के बीच रोजाना आवागमन करने वाले वाहनों के लिए प्रशासन की ओर से विशेष पास जारी किए जाएंगे। पासधारक वाहनों से भी ग्रीन टैक्स नहीं लिया जाएगा।
मणिमहेश यात्रा के दौरान बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों के भरमौर पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में प्रशासन की यह व्यवस्था पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र में यातायात और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।