
नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गतलोग के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की शाम गांव चिनाड निवासी जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था। परिजन उन्हें सिविल अस्पताल संगड़ाह लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन और अन्य ग्रामीण उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव अरलू ले जा रहे थे। इसके लिए HP 79-4595 नंबर की बोलेरो कैंपर किराये पर ली गई थी।
गाड़ी को कपिल देव चला रहा था। मंगलवार रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बोलेरो सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान 37 वर्षीय राजेंद्र, 23 वर्षीय देसराज, 58 वर्षीय रिखीराम और 62 वर्षीय राम गोपाल के रूप में हुई है। सभी सिरमौर के नौहराधार क्षेत्र के रहने वाले थे।
हादसे में घायल नौ लोगों में से कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, पांच अन्य घायलों का उपचार सिविल अस्पताल संगड़ाह में चल रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल संगड़ाह में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने हादसे में चार लोगों की मौत और नौ लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।