
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने के कारण प्रदेश में 106 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
बारिश के कारण कुल्लू में सबसे अधिक 40 सड़कें और मंडी में 38 सड़कें बंद बताई जा रही हैं। वहीं मंडी जिले में 63 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं, जबकि शिमला जिले में 12 पेयजल योजनाएं बारिश की वजह से प्रभावित हुई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 11 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा, सिरमौर, चंबा, हमीरपुर, मंडी, शिमला और ऊना में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों के आसपास न जाने और मौसम खराब होने पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बीते 24 घंटों में धर्मशाला में सबसे अधिक 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अर्की में 55 मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 43.8 मिलीमीटर और शिमला में 40.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 18 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार वर्षा के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बिलासपुर और सोलन में तापमान में करीब 3.5 डिग्री, जबकि शिमला और मंडी में करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है।
प्रशासन और संबंधित विभाग बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें।