
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा की फाइनल मेरिट सूची जारी कर दी है। पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद जारी अंतिम सूची में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिला है। संशोधन के बाद 20 नए विद्यार्थियों ने टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाई है, जिसके चलते अब टॉप-10 में कुल 95 विद्यार्थी शामिल हो गए हैं।
सबसे बड़ा बदलाव पीएमश्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुंधला की छात्रा मुस्कान ठाकुर की रैंकिंग में हुआ है। पुनर्मूल्यांकन के बाद उनके 6 अंक बढ़े, जिससे वह नौवें स्थान से सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
फाइनल मेरिट सूची में 493 अंक हासिल करने वाली हमीरपुर की गौरी शर्मा समेत तीन अन्य विद्यार्थी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। वहीं अलग-अलग रैंकों पर भी नए विद्यार्थियों की एंट्री हुई है।
बोर्ड के अनुसार तीसरे रैंक पर दो, चौथे पर एक, सातवें पर एक, जबकि आठवें और नौवें रैंक पर दो-दो नए विद्यार्थी शामिल हुए हैं। सबसे ज्यादा बदलाव 10वें स्थान पर हुआ है, जहां 12 नए विद्यार्थियों ने फाइनल मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है।
पुनर्मूल्यांकन के बाद मेरिट सूची में इतने बड़े स्तर पर बदलाव होने से बोर्ड की पहले जारी प्रोविजनल मेरिट सूची की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंतिम मेरिट सूची पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद प्राप्त संशोधित अंकों के आधार पर तैयार की गई है और इसी को अंतिम सूची माना जाएगा।