
धर्मशाला: अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान युवाओं को सेना में भर्ती करवाने का झांसा देकर कथित तौर पर ठगी करने वाले दो लोगों को मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवक अभ्यर्थियों से पैसे लेकर उन्हें सेना में चयनित करवाने का दावा कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के आसपास कुछ संदिग्ध लोगों के सक्रिय होने की सूचना खुफिया एजेंसियों को मिली थी। बताया गया कि ये लोग भर्ती प्रक्रिया में शामिल युवाओं को गुमराह कर फर्जी तरीके से चयन करवाने का लालच दे रहे थे। सूचना मिलने के बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन (27) पुत्र बलवान सिंह, निवासी गांव पिछोलिया, पोस्ट जुंडला, करनाल, हरियाणा और शुभम (30) पुत्र रमेश, निवासी गांव अपराना, पोस्ट मुनक, करनाल, हरियाणा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अग्निवीर भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को अपने झांसे में लेकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितने अभ्यर्थियों को निशाना बनाया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने किसी अभ्यर्थी से वास्तव में पैसे लिए हैं या नहीं और भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने के नाम पर उनके द्वारा किस तरह का झांसा दिया जा रहा था।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। पुलिस ने भर्ती रैली में शामिल युवाओं से किसी भी व्यक्ति के झांसे में नहीं आने और सेना में चयन करवाने के नाम पर पैसे मांगने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
सेना में भर्ती निर्धारित प्रक्रिया और योग्यता के आधार पर होती है। किसी भी व्यक्ति द्वारा पैसे लेकर चयन करवाने का दावा किया जाता है तो अभ्यर्थियों को ऐसे दावों से सावधान रहने की जरूरत है।