
कुल्लू जिले के उपमंडल आनी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डॉक्टर दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी 18 वर्षीय बेटी घायल हो गई। हादसा राणाबाग-देहुरी सड़क पर करोईगाड़ के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब सवा 10 बजे कार (HP 92 A 4300) पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गए, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। कार में आनी के अमरबाग निवासी डॉक्टर बृज लाल (60), उनकी पत्नी सुनीता (54) और बेटी भव्या (18) सवार थे।
हादसे में डॉक्टर बृज लाल और उनकी पत्नी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी भव्या घायल हो गई। घायल युवती को उपचार के लिए आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टर बृज लाल रामपुर स्थित एक निजी अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पहाड़ी से गिरे पत्थरों को बताया जा रहा है। वहीं, हल्का पटवारी की ओर से हादसे की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।