
भारत और ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीमों के बीच 29 सितंबर से होने वाले एकमात्र मल्टी डे मुकाबले से पहले धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मैच को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम की पिचों का कायाकल्प किया जा रहा है, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले के लिए बेहतरीन खेल सतह तैयार की जा सके।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) चयनित पिचों पर नई मिट्टी डालकर उन्हें मैच के अनुरूप तैयार कर रहा है। इसके बाद पिचों की रोलिंग, लेवलिंग, घास की कटाई और नियमित सिंचाई की जाएगी, जिससे पिचों को आवश्यक मजबूती और संतुलित उछाल मिल सके। पूरा कार्य एचपीसीए के क्यूरेटर की निगरानी में किया जा रहा है।
यह मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके लिए ग्राउंड स्टाफ आउटफील्ड और अभ्यास सुविधाओं को भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने में जुटा हुआ है।
तैयारियों के चलते फिलहाल स्टेडियम में अन्य सभी क्रिकेट गतिविधियां रोक दी गई हैं। एचपीसीए ने अंडर-19 खिलाड़ियों का कोचिंग कैंप भी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है।
एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मल्टी डे मुकाबले की तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कारण धर्मशाला स्टेडियम में फिलहाल कोई कोचिंग कैंप आयोजित नहीं किया जाएगा।