
शिमला: जनजातीय जिला किन्नौर में लगातार हो रही बारिश के चलते शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर दो स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। चौरा और नाथपा के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण सड़क बंद हो गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चौरा के समीप पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने के बाद एनएच-5 पूरी तरह बंद हो गया। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम मौके पर पहुंची और करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से मलबा और चट्टानें हटाकर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया।
वहीं नाथपा के पास भी भूस्खलन के कारण एनएच-5 अवरुद्ध हो गया। संबंधित एजेंसियां युद्धस्तर पर मार्ग बहाली में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे तक सड़क को दोबारा खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल नाथपा क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग के जरिए वाहनों की आवाजाही जारी है। जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा खराब मौसम में अनावश्यक सफर से बचने की अपील की है