
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सरकार और संगठन से जुड़े अहम राजनीतिक फैसलों को लेकर 16 और 17 अगस्त को कसौली में होने वाली पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की दो दिवसीय बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, विधानसभा उपाध्यक्ष की नियुक्ति और संगठनात्मक समीक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रदेश मंत्रिमंडल में लंबे समय से एक मंत्री पद खाली है। ऐसे में कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की संभावना सबसे अधिक मानी जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन के साथ संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उनके नाम पर सहमति बन सकती है।
वहीं, हिमाचल विधानसभा में उपाध्यक्ष का पद भी लंबे समय से रिक्त है। विनय कुमार के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद यह पद खाली हुआ था। अब पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल का नाम विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है। संभावना है कि 21 अगस्त से शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले या सत्र के दौरान इस पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल होंगे। उनके साथ प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी, प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य और प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस संगठन और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से दिए गए सभी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संगठनात्मक कार्य पूरे किए जा रहे हैं।