
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अचानक दिल्ली दौरे से प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री गुरुवार दोपहर दिल्ली रवाना हो गए हैं और अगले तीन से चार दिनों तक शिमला सचिवालय में जनता से मुलाकात के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने भी लोगों से इस दौरान सचिवालय न आने की अपील की है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश में खाली पड़े कैबिनेट मंत्री के पद को भरने, संभावित कैबिनेट विस्तार और कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा लंबे समय से खाली पड़े हिमाचल विधानसभा के उपाध्यक्ष पद पर भी मंथन हो सकता है। माना जा रहा है कि आगामी मानसून सत्र से पहले सरकार और संगठन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
कैबिनेट में खाली मंत्री पद के लिए कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुक्खू पहले भी सार्वजनिक मंचों से संकेत दे चुके हैं कि उन्हें जल्द मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
दिल्ली दौरे के बाद मुख्यमंत्री सीधे चंबा जाएंगे, जहां वे अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 2 या 3 अगस्त को उनके शिमला लौटने की संभावना है।