
सोलन: छात्रों के विरोध और व्यापक विचार-विमर्श के बाद डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संशोधित फीस संरचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) दोनों स्तरों पर सामान्य और सेल्फ फाइनेंसिंग सीटों की फीस में बड़ी कटौती की है, जिससे विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
नई शुल्क संरचना के अनुसार यूजी सामान्य सीट की फीस 68,700 रुपये से घटाकर 49,500 रुपये कर दी गई है। यानी छात्रों को 19,200 रुपये की सीधी राहत मिलेगी। वहीं यूजी सेल्फ फाइनेंसिंग सीट की फीस 1.27 लाख रुपये से घटाकर 99,990 रुपये कर दी गई है, जिससे 28,010 रुपये की कमी आई है।
इसी तरह पीजी सामान्य सीट की फीस 87,000 रुपये से घटाकर 55,000 रुपये कर दी गई है। इससे छात्रों को 32,000 रुपये का लाभ मिलेगा। जबकि पीजी सेल्फ फाइनेंसिंग सीट की फीस 1.42 लाख रुपये से घटाकर 1.05 लाख रुपये कर दी गई है, जिससे 37,000 रुपये की राहत मिलेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अन्य शुल्कों में भी कटौती की है। प्रवेश शुल्क को 15,000 रुपये से घटाकर 7,000 रुपये, प्लेसमेंट मार्गदर्शन शुल्क को 1,000 रुपये से घटाकर 300 रुपये तथा रिफंडेबल कॉलेज सिक्योरिटी को 2,000 रुपये से घटाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी सुचेत अत्री ने बताया कि संशोधित शुल्क संरचना शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रभावी होगी। प्रशासन का कहना है कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अधिक सुलभ हो सके।
यूजी सामान्य सीट: ₹68,700 → ₹49,500 (₹19,200 की राहत)
यूजी सेल्फ फाइनेंसिंग: ₹1.27 लाख → ₹99,990 (₹28,010 की राहत)
पीजी सामान्य सीट: ₹87,000 → ₹55,000 (₹32,000 की राहत)
पीजी सेल्फ फाइनेंसिंग: ₹1.42 लाख → ₹1.05 लाख (₹37,000 की राहत)
प्रवेश शुल्क: ₹15,000 → ₹7,000
प्लेसमेंट शुल्क: ₹1,000 → ₹300
कॉलेज सिक्योरिटी: ₹2,000 → ₹1,000