
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली क्षेत्र की सेहली पंचायत में दो बच्चों की मौ*त के बाद उसी कमरे में दोबारा सांप दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। शनिवार रात ग्रामीणों ने सांप को कमरे की ओर बढ़ते देखा, जिसके बाद उसे घेरकर डंडों से मार डाला।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार और शनिवार को दो बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें पेट में तेज दर्द और उल्टियां होने लगी थीं। परिवार के लोग बच्चों को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी कमरे के दरवाजे के पास काले रंग का सांप दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उसे कमरे से बाहर निकालकर कुछ दूरी पर छोड़ दिया था।
हालांकि, शनिवार रात करीब आठ बजे वही सांप दोबारा कमरे की तरफ बढ़ता दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए उसे घेर लिया और मार डाला। ग्रामीणों के अनुसार, सांप की पहचान कॉमन करैत के रूप में की जा रही है।
कॉमन करैत को बेहद जहरीला सांप माना जाता है। इसके जहर में न्यूरोटॉक्सिन पाया जाता है, जो तंत्रिका तंत्र और मांसपेशियों पर गंभीर असर डाल सकता है। इसके काटने पर कई बार शुरुआत में दर्द या सूजन के स्पष्ट निशान भी नहीं दिखते।
फिलहाल बच्चों की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि उनकी मौत सांप के जहर से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
विशेषज्ञों की सलाह है कि सांप के काटने की आशंका होने पर पीड़ित को शांत रखें, प्रभावित अंग को स्थिर रखें और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाएं। काटे हुए स्थान पर चीरा लगाने, जहर चूसने, बर्फ या घरेलू लेप लगाने और झाड़-फूंक में समय गंवाने से बचना चाहिए।