
मनाली: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। क्लब हाउस के समीप एक जिमनी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में गिरते हुए मनालसू नाले में जा पहुंचा। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार रात करीब एक बजे होटल प्रबंधक जयंत तिवारी, निवासी झलोड़ी (जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड) ने वाहन गिरने की तेज आवाज सुनी। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि काले रंग की जिमनी (एचपी-26ए-0011) सड़क से नीचे मनालसू नाले में गिरी हुई थी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
हादसे में 32 वर्षीय रोहित कुमार, निवासी झीड़ी (जिला मंडी) और करूण बौद्ध, निवासी बजौरा (जिला कुल्लू) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान चलाया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
डीएसपी केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा।