
कांगड़ा/चंबा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और चंबा जिलों से दो 14 वर्षीय किशोरों की मौत के मामले सामने आए हैं। कांगड़ा के रक्कड़ क्षेत्र में मोबाइल फोन पर गेम खेलने से रोकने के बाद एक किशोर ने कथित तौर पर कमरे में फंदा लगा लिया। वहीं, चंबा के घोल्टी गांव में दसवीं कक्षा के छात्र का शव घर के अंदर पंखे के कुंडे से लटका मिला।
कांगड़ा के रक्कड़ में घटना:
रक्कड़ क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर काफी देर से मोबाइल फोन पर गेम खेल रहा था। उसकी मां ने गेम खेलने से मना करते हुए मोबाइल अपने पास रख लिया। इसके बाद किशोर नाराज होकर कमरे में चला गया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां ने पुलिस को दिए बयान में किसी पर कोई संदेह नहीं जताया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंबा के घोल्टी में छात्र की मौत:
उधर, चंबा जिले की सरोल पंचायत के घोल्टी गांव में बुधवार सुबह 14 वर्षीय दसवीं कक्षा के छात्र लकी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस के अनुसार उसका शव घर के अंदर पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के मुताबिक लकी पिछले पांच-छह वर्षों से घोल्टी गांव में एक सेवानिवृत्त अधिकारी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। किशोर ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच कर रही है। दोनों मामलों में परिजनों ने किसी व्यक्ति पर संदेह जाहिर नहीं किया है।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।