
रोहड़ू, शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बॉयज रोहड़ू में पढ़ने वाले दो 16 वर्षीय किशोर मंगलवार को पब्बर नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। देर रात तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी पब्बर नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव के कारण डूब गए।
आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी में पानी का बहाव अधिक होने के कारण बचाव दल को दोनों किशोरों की तलाश में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने शिमला से NDRF की टीम को बुलाया है। एनडीआरएफ के जवान नदी में संभावित स्थानों पर दोनों किशोरों की तलाश कर रहे हैं। बचाव अभियान की प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।
एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्र ने बताया कि हादसे की सूचना मंगलवार रात को मिली थी। दोनों किशोरों की तलाश जारी है और शिमला से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। नदी में संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।