
कुल्लू। जिला कुल्लू में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। मंगलवार सुबह आनी बस स्टैंड के समीप भूस्खलन होने से दो वाहन इसकी चपेट में आ गए और क्षतिग्रस्त हो गए।
भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से मलबे और चट्टानें सड़क की ओर आ गिरीं, जिससे वहां खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लगातार बारिश के कारण जिले में पहले से ही भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों और वाहन चालकों को संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
वहीं, खराब मौसम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुल्लू जिले में स्कूल-कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बारिश के चलते सड़क मार्गों पर भी आवाजाही प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। लोगों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।