
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग ने 3 से 5 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
बिलासपुर, कांगड़ा और सिरमौर में इन तीन दिनों के दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 5 सितंबर को सोलन में भी भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में आंधी, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।
वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भारी बारिश के दौरान संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर से बारिश की तीव्रता कम होने के संकेत हैं। हालांकि, सप्ताह के बाकी दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।