
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के 6 सितंबर को जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कांगड़ा और सिरमौर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक 6 सितंबर के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है, लेकिन मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। 7 से 10 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, जबकि 11 और 12 सितंबर को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 8 और 9 सितंबर को मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
रविवार को कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश का खतरा बताया गया है। इसके अलावा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, शिमला, मंडी और कुल्लू समेत कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
भारी बारिश के दौरान संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, कीचड़ खिसकने, जलस्तर बढ़ने और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। पहाड़ी सड़कों पर फिसलन और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा नदी-नालों और अन्य जल निकायों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। नाहन और नैना देवी में 5-5 सेंटीमीटर, जोगिंदरनगर में 4 सेंटीमीटर, जबकि सराहन और धौलाकुआं में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा चौपाल, कसौली, वांगटू, रोहड़ू, नेरी, धर्मशाला और कांगड़ा एयरपोर्ट समेत कई क्षेत्रों में भी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में रविवार को बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।