
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम ने लोगों को कुछ राहत दी और कई क्षेत्रों में बारिश के बाद धूप खिली। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिन नहीं रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 18 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय रहेगा और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान कांगड़ा जिले में मध्यम से तेज बारिश हुई, जबकि चंबा और भरमौर में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार, धर्मशाला में 57.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। इसके अलावा पालमपुर में 54.6 मिमी, देहरा गोपीपुर में 18.3 मिमी और कांगड़ा में 15.2 मिमी बारिश हुई। चंबा के भरमौर में 9.0 मिमी और डलहौजी में 1.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
चंबा शहर में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लाहुल-स्पीति का कुकुमसेरी 11.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। आगामी दिनों में यात्रा करने से पहले मौसम की स्थिति और सड़क मार्गों की जानकारी लेने की अपील की गई है।