
नई दिल्ली: दिल्ली की आठवीं विधानसभा का छठा सत्र शुक्रवार, 7 अगस्त से शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि उपराज्यपाल के आदेश पर सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा की कार्यवाही पुराना सचिवालय स्थित विधानसभा भवन में सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
जानकारी के अनुसार, सदन की बैठकें 7, 10 और 11 अगस्त को आयोजित होंगी। प्रत्येक बैठक निर्धारित कार्य पूरा होने तक चलेगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्यवाही का समय बढ़ाया भी जा सकता है।
इस बार विधानसभा सचिवालय ने सभी नोटिस नेवा (NeVA) पोर्टल के माध्यम से डिजिटल रूप से स्वीकार करने की व्यवस्था की है। सदस्यों की सुविधा के लिए नोटिस शाखा और नेवा सेवा केंद्र में विशेष सहायता भी उपलब्ध रहेगी।
विधानसभा के नियम 280 के तहत जनहित के मुद्दे उठाने के इच्छुक सदस्य संबंधित बैठक से एक कार्य दिवस पहले शाम 5 बजे तक अपना नोटिस जमा कर सकेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह सत्र जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और दिल्ली के विकास संबंधी विषयों पर सार्थक एवं रचनात्मक चर्चा का महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने सभी विधायकों से संसदीय परंपराओं का पालन करते हुए सदन की कार्यवाही को सफल बनाने की अपील की।
विधानसभा सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रवेश द्वारों पर हाइड्रोलिक रोड ब्लॉकर लगाए जा रहे हैं और विधानसभा परिसर में प्रवेश केवल गेट नंबर-1 से ही किया जाएगा।