
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के उस्मानपुर इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गावड़ी एक्सटेंशन स्थित एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे में उनका 9 वर्षीय बेटा बाल-बाल बच गया।
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय टिंकू और उनकी 30 वर्षीय पत्नी उर्मिला के रूप में हुई है। सूचना के अनुसार, रविवार रात करीब 10:31 बजे दमकल विभाग को हंसराज डेयरी के पास एक इमारत के ढहने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे दंपती को बाहर निकाल लिया था। दोनों को तत्काल कैट्स एंबुलेंस से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 120 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाली ग्राउंड प्लस फर्स्ट फ्लोर इमारत की छत अचानक ढह गई, जिससे दंपती मलबे में दब गए। हादसे के समय उनका बेटा भी घर में मौजूद था, लेकिन वह सुरक्षित बच गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।