
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार पर गोली चला दी। घायल दुकानदार का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उदय प्रताप (42) अपने घर के पास दुकान चलाते हैं। सोमवार को पड़ोस में रहने वाला सुरेंद्र फौजी उनकी दुकान पर गुटखा लेने पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र फौजी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उदय प्रताप पर फायर कर दिया। गोली उनके पेट के निचले हिस्से को छूते हुए आर-पार निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड के बाद चिकित्सकों ने बताया कि गोली शरीर के अंदर नहीं फंसी और आंतरिक अंग सुरक्षित हैं। फिलहाल उदय प्रताप की हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर हैं।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र फौजी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस हथियार के लाइसेंस और पूरे मामले की जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।